हरदोई के शाहाबाद में मंडी सचिव को सरकारी कर्मचारी से बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एन्टी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस घटना से मंडी परिषद् में हड़कंप मचा हुआ है। आरोप है कि मंडी सचिव शाहाबाद ऋषभ जैन ने मंडी सहायक पिहानी हरिनारायण यादव से किसी काम के एवज में पैसे मांगे थे।
इसकी सूचना पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम को दी थी। एंटी करप्शन के डिप्टी एसपी मिथिलेश दीक्षित ने बताया कि बुधवार को जब पीड़ित मंडी सचिव को रिश्वत देने गया उसी समय टीम ने घूसखोर मंडी सचिव को धर दबोचा। जांच टीम आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गयी है।
मालूम हो कि इससे पहले एक फरवरी को हरदोई के शहर कोतवाली इलाके के पुलिस लाइन के सामने एक होटल के पास हरियावां में तैनात सेक्रेटरी विनोद कुमार को लखनऊ की एंटी करप्शन टीम के इन्स्पेक्टर सुंदर सिंह सोलंकी व उनकी टीम ने गिरफ्तार किया था। इसके पास से एक आवास की सूची भी बरामद हुई थी, जिसमे लिपटी 15 हजार की नगदी अलग से बरामद हुई थी।