राज्य मुख्यालय के मान्यता प्राप्त पत्रकार पर परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने किया हमला, पत्रकार घायल

अपना टिकट बुक कराने के लिए आलमबाग बस स्टेशन पहुंचे पत्रकार शशि नाथ दुबे के साथ मारपीट का मामला साामने आया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजनेस टाइम से राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार शशि नाथ दुबे कल दोपहर 2:00 बजे के बाद अपना टिकट बुक कराने के लिए आलमबाग बस स्टेशन गये थे । उन्होंने जयपुर जाने के लिए अपना रिजर्वेशन करने को कर्मचारियों से कहा । वहां पर मौजूद कर्मचारी ने उनसे कहा कि आपका टिकट हम बुक नहीं कर सकते इसके लिए आप आर.एम. (क्षेत्रीय प्रबन्धक) साहब से मिलिए । शशि नाथ दुबे ने अस्वस्थ होने के कारण कहा कि मैं अभी कई सीढ़ियां चढ़ा उतरा हूं और मैं ज्यादा चलने फिरने में असमर्थ हूँ । यदि टिकट नहीं हो सकती तो आप से कम हमारे मोबाइल पर बोल दीजिए कि जगह नहीं है मैं रिकॉर्डिंग कर लेता हूं ।

बस इतनी सी बात को लेकर वहां पर इंचार्ज अरुण कुमार द्वारा गाली गलौच और अभद्र व्यवहार करते हुए पत्रकारों को अशोभनीय टिप्पणी करते हुए शशि नाथ दुबे का मोबाइल छीन कर फेंक दिया गया । यह भी कहा कि बड़े पत्रकार आए हैं रिकॉर्डिंग करते हैं सत्य को उजागर करेंगे । बड़े बड़े पत्रकारों को मैंने देखा है । तुम्हें भी जो कुछ करना हो कर लेना और गालियों की बौछार करते रहे । इसके साथ उनसे मारपीट करने की कोशिश की । तदुपरांत अरुण ने वहां पर मौजूद कर्मचारी ओम प्रकाश और दो अन्य लोगों को बुलाकर शशि नाथ दुबे पर हमला करवा दिया । जिसमें उन्हें काफी चोटें आई । उन्हें मारा पीटा गया धक्का दिया गया । आंख के पास व कोहनी पर चोट आई । उनके सिर पर प्रहार किया गया जिससे सिर में चोट आई । धक्का देने से उनकी कमर में भी काफी चोट आई ।

लोगों के बीच बचाव के बाद शशि नाथ दुबे इसकी रिपोर्ट लिखाने के लिए आलमबाग थाने पहुंचे उन्होंने वहां मौजूद एसआई को अपनी सारी बात बताई । इस बात को लेकर के वहां के कर्मचारी भी थाने पहुंच गए । लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी रिपोर्ट लिखने से पहले सीसीटीवी को देखने की बात की । एसआई द्वारा चारबाग बस स्टेशन आकर सीसीटीवी को चेक किया गया । जिसमें स्पष्ट रूप से मारपीट करते हुए चार कर्मचारी सीसीटीवी में कैद हो गए थे । इसको देखने के बाद थाने में एफआईआर शशि नाथ दुबे द्वारा दर्ज करा दी गई । कर्मचारियों ने बहुत ही अभद्र व्यवहार किया और समस्त पत्रकारों पर भी अश्लील टिप्पणियां की जिससे शशि नाथ दुबे को बहुत आघात लगा ।

परिवहन विभाग के आलमबाग बस अड्डे के इंचार्ज अरुण कुमार द्वारा ही इस घटना को अंजाम दिया गया जिसके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है । देर रात परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया एमडी द्वारा भी उसे देखा गया । सीसीटीवी चेक करने के बाद एमडी द्वारा चार कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया । लेकिन मुख्य आरोपी वहां के इंचार्ज अरुण कुमार को अभी तक सस्पेंड नहीं किया गया है । जिसने पूरी घटना को अंजाम दिया और पत्रकारों पर अश्लील टिप्पणियां की है। जिससे पत्रकारों में काफी रोष व्याप्त है और यह पत्रकारों की गरिमा का प्रश्न भी बन गया है ।

घायल शशि नाथ दुबे की पुलिस द्वारा आलमबाग के लोक बंधु हॉस्पिटल में जांच कराई गई और प्राथमिक उपचार भी कराया गया । सिर में चोट आने के कारण लोकबंधु अस्पताल में एमआरआई कराने के लिए बलरामपुर हॉस्पिटल या मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।
शशि नाथ दुबे इससे पूर्व कई चैनलों और बड़े समाचार पत्रों में जुड़े रहे हैं और बहुत सक्रिय पत्रकारों में गिने जाते हैं।

राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि परिवहन विभाग के कर्मचारियों द्वारा पत्रकार पर किए गए हमले और पत्रकारों पर की गई अशोभनीय टिप्पणी की निन्दा और भर्त्सना करती है। और दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग करती है।