क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराने के लिए चलाया गया अभियान

कछौना (हरदोई)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की रोकथाम के मद्देनज़र सीओ के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाकर आमजनमानस को घर से निकलते वक्त अनिवार्य रूप से मास्क लगाकर निकलने और आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने हेतु प्रेरित किया। पुलिस ने मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों और वाहनों को रोककर उनके मोबाइल आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल कराया।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय के द्वारा विकसित मोबाइल एप्प आरोग्य सेतु बनाया गया ताकि कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में लोग को एकजुट होकर दृढ़ता से इसका मुकाबला कर सकें। मोबाइल में इसके इंस्टॉल होते ही यह ऐप संक्रमित व्यक्ति के आस-पास आने पर सतर्क करता है। सरकार का जोर है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे अपने स्मार्ट फोन में इंस्टॉल करें। शासन की ओर से जिला प्रशासन को जिले में कम से कम 20 प्रतिशत लोगों को एप को इंस्टाल करने का लक्ष्य दिया गया है। निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल एप इंस्टाल करने के साथ-साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस एप को इंस्टाल करने के लिये प्रेरित करने के निर्देश दिये थे। लेकिन जनपद हरदोई में इसकी प्रगति काफी कम है।

बुधवार को कछौना पुलिस ने क्षेत्राधिकारी अखिलेश राजन के नेतृत्व में कस्बे में बिना मास्क लगाये लोगों की आवाजाही पर अंकुश लगाने और आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराने के  उद्देश्य से अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्ग से गुजरने वाले वाहनों और लोगों को रोककर उनके स्मार्ट फोन में आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल कराया गया। वही बिना मास्क लागकर घर से निकले लोगों को पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाते हुये भविष्य में बिना मास्क या फ़ेस कवर किये बिना घर से निकलने पर कड़ी कार्यवाही करने की बात कही। इस दौरान सीओ अखिलेश राजन, प्रभारी निरीक्षक राय सिंह, सहायक प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार, उपनिरीक्षक आर.बी.सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।