प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अरूणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में कल नवनिर्मित दोरजी खांडू राज्य सम्मेलन केन्द्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार ने चिकित्सा पर खर्च कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं । उन्होंने कहा कि आठ सौ प्रकार की दवाईयां जन-औषधि केन्द्र के माध्यम से सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ”आयुष्मान भारत योजना” देश में चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांति लायेगी। हमने एक आयुष्मान भारत इस योजना और इसके तहत गरीबी रेखा के नीचे जीने वाले जो परिवार हैं। उसके परिवार में कोई भी बीमारी आएगी तो सरकार उसका इंश्यूरेंस निकालेगी। एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक अगर दवाई का खर्चा हुआ तो वो पेमेंट उसके इंश्यूरेंस से मिल जाएगा। प्रधानमंत्री ने राज्य के सिविल सचिवालय भवन को राष्ट्र को समर्पित किया।