हरदोई- जिले में दो दारोगाओं की करतूतों से पुलिस महकमा शर्मसार है। एक हैं दारोगा राजेश यादव जिनके ऊपर एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व मारपीट का आरोप लगा है और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है । दूसरे हैं शराबी गालीबाज दारोगा राजेन्द्र सिंह चौहान, जिनके ठर्कीपने ने महकमे को शर्मसार कर दिया है।
आशिक मिजाज दारोगा राजेश यादव पहले भी इसी मामले में जेल जा चुका है। दरअसल मंझिला में तैनाती के दौरान दारोगा राजेश यादव की कथित पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया था । दारोगा राजेश यादव पर शादी करके पत्नी बनाने और बच्ची पैदा होने के बाद इससे दूरी बनाने का आरोप लगा था । इसके बाद युवती ने मुकदमा लिखा दिया था और उसके द्वारा लिखाए गए मुकदमे में दारोगा जेल चुका है। अब दारोगा कोतवाली देहात में भी इसी आरोप का शिकार बना है और युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
ठर्की दारोगा राजेन्द्र सिंह चौहान पहले भी ड्यूटी पर शराब पीने और गाली देने के मामले में लाइन हाजिर हो चुका है। वह कुछ समय पहले ही बहाल हुआ था । लेकिन फिर बावर्दी शराबी दारोगा ने भरे चौराहे पर जमकर हंगामा किया और लोगों से गाली-गलौच कर अभद्रता की। इस मामले में भी एसपी आलोक प्रियदर्शी ने दारोगा को निलंबित कर दिया है। कुल मिलाकर खाकी के अपने ही खाकी के दामन को दागदार और शर्मसार कर रहे हैं। जहां एक तरफ योगी और मोदी सरकार पुलिस के रवैयों में तब्दीली लाने की कोशिश कर रही है ऐसे में वर्दी पहने हुए यह लोग वर्दी को शर्मसार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि इन पुलिसवालों पर लगाम कैसे कसेगी ?