स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा0पी0एन0चतुर्वेदी को निर्देश दिये कि वह अपने साथ-साथ अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व डिप्टी सीएमओ प्रति माह नियमित सीएचसी/पीएचसी का निरीक्षण करें तथा 15 जनवरी तक सभी सीएचसी/पीएचसी पर बायोमैट्रिक मशीन लगवाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि 16 जनवरी से सभी सीएचसी/पीएचसी पर बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जायेगी जिसकी मानीटरिंग सीधे उनके कम्प्यूटर पर की जायेगी। दवाओं की सप्लाई की देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुये जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि जिन एजेन्सियों द्वारा निर्धारित तिथि के अन्दर दवाओं की आपूर्ति नही की जा रही है उनके विरूद्ध कार्यवाही करें और सभी सीएचसी/पीएचसी पर दवाओं आदि की उपलब्धता बनाई रखी जाये ताकि किसी भी मरीज को बाहर से दवाई लेनी न पड़े। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि सभी एमओआईसी अपने क्षेत्र के पांच उपकेन्द्रों को चुनकर उनमें समस्त व्यवस्थायें कराना सुनिश्चित करें तथा लाभार्थियों का भुगतान समय पर किया जाये। उन्होने कहा कि पिछले 06 माह से अब तक जिन लाभार्थियों का भुगतान शेष रह गया है उनकी सूची उपलब्ध करायें। मनरेगा की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिये कि मनरेगा का भुगतान शतप्रतिशत कराया जाये तथा मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ायी जाये। उन्होने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह अपने कार्यालयों में लैण्डलाइन फोन लगवायें। जिलाधिकारी ने कहा कि खण्ड विकास अधिकारियों की उपस्थिति की जानकारी उनके लैण्डलाइन नम्बर पर फोन करके ली जायेगी। पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई व अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी कार्यदायी संस्थायें अपने-अपने कार्य निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापरक करायें। आगंनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण के संबन्ध में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था आरईएस के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन के निर्देशानुसार 26 जनवरी से पहले सभी आंगनबाड़ी केन्द्रो का निर्माण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
नमामि गंगे के तहत गंगा किनारे के 11 गांवों को ओडीएफ करने के संबन्ध में जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि जनपद के सभी गांवों में तैनात समस्त सफाई कर्मचारियों की लिस्ट नाम और नम्बर सहित प्रेषित करें। उन्होने कहा कि जिन सेक्रेट्रीयिओं का स्थानान्तरण अन्य विकास खण्ड में हो गया है और अभी तक उन लोगों ने चार्ज नही दिया है तो उनके विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायें। उन्होने कहा कि सभी सेक्रेटरी से ग्राम पंचायतवार मास्टर रजिस्टर बनवाये जाये जिसमें सभी विभागों की योजनायें के कार्य अंकित हों। जिलाधिकारी ने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देश दिये कि सप्ताह में तीन निरीक्षण करें और निरीक्षण आख्या कलेक्ट्रेट में स्थापित निरीक्षण सेल में फोटो सहित उपलब्ध करायेंगे। सांसद आदर्श गांव के संबन्ध में जिलाधिकारी ने कहा कि अगले शनिवार से सांसद आदर्श गांवों में सभी विभागीय अधिकारी जायेंगे और अपने विभाग से संबन्धित समस्त योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान करायेंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सांसद आदर्श गांव की तरह ही 238 गांवों का चयन मिशन अन्त्योदय के तहत किया गया है और इन गांवों को भी सांसद आदर्श गांव की तरह ही पूर्ण रूप से संतृप्त किया जाना है। इसलिये संबन्धित विभाग के अधिकारी खण्ड विकास अधिकारियों से मिशन अन्त्योदय के तहत चयनित गांव की सूची प्राप्त कर 06 दिन में सर्वे करने के उपरान्त 15 दिन के अन्दर अपने विभाग की कार्ययोजना उपलब्ध करायेंगे। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये कि सौभाग्य योजना के अन्तर्गत निःशुल्क कनेक्शन देने का कार्य कैम्प के माध्यम से करायें तथा ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करायें। शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्द्धीकी ने बताया कि बच्चों को किताब, ड्रेस का वितरण किया जा चुका है और 07 जनवरी से बच्चों को स्वैटर वितरित किये जायेगे। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास, इन्दिरा आवास, शौंचालय, विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन, कृषि, जलनिगम, गन्ना सहित अन्य सभी विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों की गहनता से समीक्षा करते हुये कहा कि उनकी प्राथमिकता स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर अधिक रहेगी और समय-समय पर बेैठक कर कार्य की प्रगति के संबन्ध में जानकारी भी ली जायेगी। बेैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र, डीडी कृषि आशुतोष कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता प्रान्तीय खण्ड अजय कुमार वर्मा, प्रथम मन्नी लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।