श्रद्धा और विश्वास के साथ किये जाने वाले कार्य निश्चित ही पूर्ण होते हैं : सतीश महाना

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना तथा औद्योगिक विकास (राज्यमंत्री) श्री सुरेश राणा ने आज 21 एवं 22 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया। इस अवसर श्री महाना ने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ किये जाने वाले कार्य निश्चित ही पूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अनुष्ठान, तीर्थयात्रा और पर्यटन में अत्यंत समृद्ध हैं और यहां जल संसाधन और उपजाऊ भूमि जैसे प्राकृतिक संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं।

लेकिन अभी तक इसको देश-दुनिया में सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया जा सका । उन्होंने कहा कि विगत कुछ सालों से उत्तर प्रदेश की अपराध, भ्रष्टाचार के रूप में चर्चा होती रही है, लेकिन अब मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को दुनिया भर में एक औद्योगिक केंद्र के रूप में देखा जा रहा है । उन्होंने कहा कि कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई, बैंगलोर, अहमदाबाद में रोड शो के दौरान उद्योगपतियों से बहुत ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। 22 फरवरी इन्वेस्टर्स समिट का अंतिम दिन नहीं होगा, बल्कि यह औद्योगिक विकास की ओर पहला कदम है ।