‘अफलातून’ के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बाल मेले का हुआ आयोजन

कछौना (हरदोई): मेलजोल संस्था की तरफ से अफलातून के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बाल मेला का आयोजन किया गया। जिसमें नौनिहाल बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रंगमंच, गीत, संगीत, विभिन्न सामाजिक विषयों की प्रदर्शनी द्वारा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया ।

बाल मेला कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों खंड विकास अधिकारी कछौना बुद्धदेव द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कछौना जावेद अहमद द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। जिसमें 25 विद्यालयों से अफलातून स्कूल स्तर पर अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले नौनिहाल बच्चों ने प्रतिभाग किया। भविष्य में इस कार्यक्रम में सफल प्रतिभागियों को जिला स्तर पर आयोजित मेला कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में आत्म निर्भरता व जागरूकता का समावेश होता है। उनके अंदर प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच मिलता है। नौनिहाल बच्चों ने बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सामाजिक कुरीतियों पर रंग मंच के द्वारा समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया जिसमें प्राथमिक पाठशाला सठैना, प्राथमिक पाठशाला गाजू, उच्च प्राथमिक पाठशाला गाजू व प्राथमिक पाठशाला कलौली के बच्चों का काफी बेहतर परफॉर्मेंस रही है। इस मेले में परिषदीय अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जब बेटियां पढ़ेंगी तभी बढ़ेंगी इसलिए शिक्षा के माध्यम से उन्हें स्वावलंबी व मजबूत बनाना है। प्रभारी निरीक्षक जावेद अहमद ने नौनिहाल बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जैसा स्वंय को प्यार करोेगे, भविष्य के वैसे ही एक सभ्य नागरिक बनोगे।

खण्ड विकास अधिकारी बुद्धदेव द्विवेदी ने कहा कि बच्चे निश्छल भाव के कारण ईश्वर के रूप होते हैं। यह जिम्मेदारी शिक्षकों के हाथ में है कि उनको किस रूप में तैयार करते हैं। मेलजोल के राज परियोजना प्रबंधक डॉ किशन कुमार लहरी ने बताया कि अफलातून के माध्यम से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम है।

इस बाल मेला में मेलजोल संस्था की टीम विवेक राठौर, प्रशांत अवस्थी, सोनम, कृष्ण व सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र कुमार राठौर, आशुतोष, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण सैकड़ों की संख्या में नौनिहाल बच्चे पूरे उत्साह व जोश के साथ प्रतिभाग किया।