वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन योजना हेतु तहसील स्तर पर कैम्पों का आयोजन 20 से 30 जनवरी के बीच होगें :- जिलाधिकारी

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार वृद्धावस्था निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन योजना के अन्तर्गत अवशेष पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृति हेतु 20 जनवरी से 30 जनवरी 2019 के बीच समस्त तहसीलों में विधान सभावार कैम्प का आयोजन किया जायेगा। उन्होने कहा कि कैम्पों का आयोजन तहसील स्तर पर किया जायेगा जिसके प्रभारी संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी होगे तथा कैम्प के सफल संचालन हेतु कम्प्यूटर सिस्टम, विद्युत, पेय जल एवं स्थान की व्यवस्था एसडीएम करायेगें।

श्री खरे ने कहा है कि कैम्प में तीनों प्रकार की पेंशनों की प्रक्रिया की जानकारी, आये हुए आवेदकों का रजिस्टर में अंकन तथा पात्र पाये गये लाभार्थियों का आनलाइन फार्म भरवाने का कार्य सोशल सेक्टर के विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किया जायेगा जिसके उत्तरदायी संबंधित विभाग होगें। जिलाधिकारी ने समस्त स्वीकृतिकर्ता अधिकारियों को निर्देश दिये है कि प्राप्त सभी आवेदन पत्रों की आनलाइन व आफलाइन की अग्रिम जांच कार्यवाही करते हुए एक सूची के साथ अगले तीन दिन के अन्दर संबंधित अधिकारी को प्राप्त करा दें। उन्होने जिला समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन तथा जिला दिब्यांजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देश दिये है कि विधान सभावार एवं कैम्पवार प्राप्त स्वीकृति व अस्वीकृति आवेदन पत्रों को अगले एक सप्ताह के अन्दर संबंधित पोर्टल पर आनलाइन करायें तथा विभागीय शासनादेशों के क्रम में यथाशीघ्र अग्रसारित भी कर दें।