आज नई दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओम प्रकाश रावत ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव एक ही चरण में 12 मई को होंगे। 17 अप्रैल को इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल होगी। 27 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतगणना 15 मई को होगी।
श्री रावत ने कहा कि सभी वोटिंग मशीनों को मतदाता पुष्टि पर्ची मशीन से जोड़ा जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा है कि चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। कर्नाटक का यह चुनाव सत्तारूढ कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया है । उधर, कांग्रेस ने कहा है कि वह विधानसभा चुनाव का सामना करने को तैयार है। पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगोडा के नेतृत्व वाली जनता दल सेकुलर चुनाव मैदान में उतरने वाली तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। चुनाव घोषणा के साथ ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई है ।