पुनीत पटेल, गौसगंज :
गौसगंज, हरदोई : विभागीय अधिकारियों की हीलाहवाली से विकास योजनाएं धरातल पर होने के बावुजूद आमजन से दूर हैं। विकास खण्ड कछौना की ग्रामसभा गौसगंज में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित सामुदायिक शौचालय में एक वर्ष से लगा ताला यह बता रहा कि स्वच्छता अभियान के प्रति जिम्मेदार लोग कितने गम्भीर हैं?
सामुदायिक शौचालय गौसगंज के मुख्य बाजार में स्थित है। यहां पर लगने वाली बाजार में दूरदराज के किसान आते हैं। इसके साथ ही यहाँ काफी संख्या में स्थाई दुकाने भी हैं। सामुदायिक शौचालय बंद होने के कारण आमजन को काफी दिक्कत होती है। मजबूरी में वह खुले में लघुशंका व शौच जाने को मजबूर हैं। वहाँ मौजूद केयर टेकर नीलू ने बताया कि उसे एक वर्ष से मानदेय नहीं मिला है, जिसके कारण सामुदायिक शौचालय बंद चल रहा है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी खुले में शौच न जाए। परंतु विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते सरकार की मंशा पर पलीता लगाया जा रहा है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत संतोष कुमार ने बताया कि हम इसकी जांच कराएंगे। केयरटेकर के मानदेय के बारे मे पूछने पर बताया कि मानदेय नियमित रूप से केयर टेकर के खाते में जा रहा है।
ग्राम प्रधान हसरतुन्निशा ने बताया कि पंचायत का खाता सुचारु रूप से नहीं चल रहा है। बार-बार शिकायत के नाम पर परेशान किया जा रहा है। ग्रामसभा के विकास कार्य प्रभावित हैं। ग्रामसभा में आपसी खींचतान का खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है पर जिम्मेदार पूरी तरह मौन है।