संक्रामक बीमारियों से बचाव हेतु घरों में रखें साफ़-सफ़ाई : किसलय बाजपेयी

विधायक ने सीएचसी को 4 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व 4 ऑक्सीजन सिलेंडर जम्बो सौंपें

कछौना (हरदोई): कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर की संभावना के चलते स्वास्थ्य विभाग ने पूरी कमर कस ली है। दूसरी लहर में ऑक्सीजन की किल्लत व बेड की कमी से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ था। सैकड़ों लोगों ने अपनों को खोया था। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना को चार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व चार ऑक्सीजन सिलेंडर जम्बो सौंपे जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीज को बाहर दौड़ना ना पड़े। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधा उपलब्ध होने से ऑक्सीजन के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर प्रभारी अधीक्षक डॉ किसलय बाजपेई ने अपील करते हुए कहा कि सितंबर माह में संक्रामक रोग मलेरिया, टाइफाइड, डेंगू इत्यादि के फैलने का ज्यादा खतरा रहता है इसलिए आपकी छोटी सी जागरूकता से संक्रामक बीमारी से बचा जा सकता है। अपने घरों में फ्रिज व कूलर में पानी जमा ना होने दें, खाली पड़े टायरों व गमलों में भी पानी जमा न होने दें। रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

इस अवसर पर डॉ सौरभ कुमार, चीफ फार्मासिस्ट आरपी भारतीय, मनोज कुमार सिंह, अमित सिंह, नरेंद्र तिवारी, प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, ब्रह्मा कुमार सिंह, शिवम मिश्रा आदि मौजूद रहे।

ख़बर- पी.डी. गुप्ता