कछौना (हरदोई) :– पूर्व वर्ष में तेज बारिश ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल बर्बाद हो गई थी। जिसमें सरकार द्वारा काफी लोगों को मुआवजा मिला था। परंतु कोविड-19 महामारी के चलते अधिकांश किसान लाभ पाने से वंचित हो गए थे। सरकार ने किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए वंचित किसानों को मुआवजा दिलाने का अभियान शुरू कर दिया है।

विकासखंड कछौना को ग्राम सभा लोन्हारा में क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा व तहसीलदार अंबिका चौधरी की उपस्थिति में लगभग 14 सौ किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, कि पूर्व वर्ष में तेज बारिश व ओलावृष्टि से लगभग 30% किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। अधिकांश किसानों का उनकी फसल का नुकसान के रूप में मुआवजा उपलब्ध करा दिया गया था, परंतु कोविड-19 महामारी के चलते अधिकांश किसान योजना से वंचित हो गए थे। परंतु किसानों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने वंचित किसानों को मुआवजा दिलाने का कार्य किया है।
सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं जो अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही हैं। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए ऋण माफी योजना, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, खेतों में पानी पहुंचाने व यूरिया – डीएपी में कालाबाजारी रोकने व किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने का प्रयास किया है। जिससे किसान धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है तथा देश विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। इस अवसर पर तहसीलदार अंबिका चौधरी ने कहा, कि पिछले कुछ वर्ष में हुए ओलावृष्टि से किसानों की फसल के नुकसान का सर्वेक्षण कराकर सूची शासन को भेज दी गई थी। शासन से धनराशि निर्गत होते हुए किसानों को मुआवजा दिलाए जाने का कार्य कराया जा रहा है।
इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान कृष्णकांत सिंह उर्फ गुड्डू ने ग्राम सभा की बेहतरी के लिए क्षेत्रीय विधायक से ग्राम सभा के लिए सरकारी ट्यूबवेल, ग्राम सभा में विद्युतजर्जर लाइन बदलवाने व सैदूपुर मार्ग से कोडरी गांव तक संपर्क मार्ग का जीर्णोद्धार व पुलिया निर्माण की पुरजोर मांग की। जिस पर क्षेत्रीय विधायक ने शासन से स्वीकृत कराने की बात कही। इस अवसर पर दूर-दराज के सैकड़ों की संख्या में पुरुष महिलाएं व ग्राम पंचायत सदस्य शिक्षक रामधारी सिंह, रतीभान सिंह, सोमपाल सिंह, मोहनलाल वर्मा, बृजेश कुमार हंस, शिक्षक विजय मौर्य, सौरभ सिंह, मोहित सिंह, रामनरेश पाल, राजस्व निरीक्षक राघवेंद्र कुमार मिश्रा, लेखपाल संघ अध्यक्ष सत्यपाल, राहुल सिंह, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा अमरजीत कुमार वर्मा, विश्व हिंदू परिषद नगर अध्यक्ष विनय शुक्ला आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संगीता सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला ने किया।