आरोप मौत का, शांतिभंग में पुलिस ने कर दिया चालान

सिराथू, कौशांबी : कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के ताज मल्लाहन गांव के एक चिकित्सक पर इलाज के दौरान मरीज की जान लेने का आरोप है। मामले में कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। डॉ सुरेंद्र कुमार के इलाज के दौरान दुबाना गांव के अंकित कुमार की मौत हो गई थी। डॉक्टर के पास चिकित्सकीय इलाज की कोई डिग्री नहीं है और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में उसका क्लीनिक रजिस्टर्ड भी नहीं है। मुकदमा अपराध संख्या 287 सन 2020 पर थाना पुलिस ने दर्ज कर लिया है।

मृतक के परिजन कई बार पुलिस अधिकारियों से मिलकर मौत के सौदागर चिकित्सक की गिरफ्तारी की मांग भी कर चुके हैं। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने थाना पुलिस को आरोपी चिकित्सक की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। लेकिन आला अधिकारियों के निर्देश के बाद भी थाना पुलिस ने अपनी मनमानी करनी नहीं बन्द की और मौत के आरोपी चिकित्सक को शांति भंग की धारा में उप जिला अधिकारी के यहां चालान कर दिया है। कड़ा धाम कोतवाली पुलिस का यह कारनामा जांच का विषय है और आरोपी चिकित्सक की गिरफ्तारी में शांति भंग में चालान किए जाने के मामले की जांच हुई तो थाना पुलिस के आरोपी चिकित्सक से संलिप्तता उजागर होना तय है।