आपसी संबंधों की हुई व्यापक समीक्षा

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कल एक्‍योटोरियल गिनी के राष्ट्रपति तेयोदोरो ओबियांग न्युएमा म्बासोगो के साथ राजधानी मलाबो में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। बातचीत में आपसी संबंधों की व्यापक समीक्षा की गई । वार्ता के दौरान भारत और गिनी ने अक्तूबर 2017 में नई दिल्ली में आयोजित पहली संयुक्त द्विपक्षीय बैठक में हुई सहमति के आधार पर आपसी संबंधों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

सूचना और तकनीकी के अलावा औषधिय पौधे और स्‍वास्‍थ्‍य समेत और अन्‍य क्षेत्रों में भारत और गिनी के बीच समझौता पत्र पर हस्‍ताक्षर किए गए। केंद्रीय राज्‍य मंत्री मनसुख मंडाविया के अलावा दो सांसद पी. वेणुगोपाल और यशवंत सिंह शिष्‍टमंडल की बैठक में मौजूद थे। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद भारतीय समयानुसार रात्रि 8 बजे गिनी के सांसद को संबोधित करेंगे। श्री कोविंद यहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को भी संबोधित करेंगे। गिनी की यात्रा के बाद श्री कोविंद स्वाज़ीलैंड और ज़ांबिया भी जाएंगे।