मसुरिया दीन मौर्य :
सिराथू, कौशाम्बी : नगर पंचायत अजुहा राष्ट्रीय राजमार्ग के बगल वार्ड नं 4 मढियामई में सन् 2010 में 68 लाख 85 हजार की लागत से जल निगम द्वारा पानी टंकी बनायी गयी । किन्तुु जलापूर्ति अब तक नहीं । वार्ड नंबर चार मढियामई और वार्ड नंबर पांच अजमतपुर में पाइप लाइन बिछाने का काम भी किया था। लेकिन आज तक लोगों को पानी नहीं मिल पाया है।आखिर दस साल बीतने के बाद हैंड ओवर का बहाना कब तक चलेगा? आखिर पानी कब मिलेगा?
नगर पंचायत का कहना है कि हमको टंकी चालू हालत में दिया जाये तो हम हैंड ओवर कर लें। नगरवासियों की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कराने के मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन द्वारा मनोनीत सभासदों सौरभ केसरवानी, विजय कुमार पटेल, चन्द्र पाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर पानी टंकी की हालात का जायजा लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर त्वरित पेयजल आपूर्ति को चालू कराने का आश्वासन दिया।
जल निगम के अपर अभियंता राजीव कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जल निगम विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है और सभी कागज फिट कर हमने नगर पंचायत में जमा भी कर दिया है और बिभाग की तरफ़ से कई बार लिखित लेटर भी नगर पंचायत अजुहा को दिया गया है। लेकिन आज तक नगर पंचायत ईओ सूर्य प्रकाश गुप्ता ने हैंड ओवर नहीं लिया।
नगर के निवासियों राजू, अकबर, छोटू, सियाराम, रामचन्द्र, सुनील कुमार, प्रेमचंद, चेला दर्जी, मोनिका देवी, अनीता देवी , फूल कली, संदीप कुमार, श्याम कुमार,आदि लोगों ने जिला अधिकारी कौशांबी से अपील की है कि पानी टंकी को हैंड ओवर करा कर पानी की सप्लाई चालू कराने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दें। ताकि पानी की जलापूर्ति निरंतर नगर वासियों को मिलती रहे।