नगर पालिका कर्मी को ठेकेदार ने दौड़ाकर पीटा

हरदोई- पिहानी में एक ठेकेदार की दबंगई सामने आयी है। नगर पालिका पिहानी में तैनात एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को ठेकेदार ने कलेक्ट्रेट में दौड़ाकर पीटा। कर्मचारी पिटता रहा और वहां मौजूद लोग व अन्य कर्मचारी तमाशबीन बने रहे।

नगर पालिका पिहानी में सतीश कुमार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात है। उसका आरोप है कि वह नगर पालिका की सरकारी डाक व सरकारी अभिलेख लेकर ईओ के साथ एडीएम के यहां आया हुआ था। सतीश का कहना है कि वह एडीएम कार्यालय के बाहर ही पहुंचा था इसी बीच उसके मोबाइल पर फोन आ गया तो वह बात करने लगा।

आरोप है कि इसी बीच नगर पालिका के ठेकेदार कमल वर्मा आ गए और सरकारी अभिलेखों से भरा बैग छीनने लगे। जब उसने विरोध किया तो गाली गलौज कर उसको दौड़ाकर पीटने लगे। जिस समय कर्मचारी पीटा जा रहा था उस समय कई कर्मचारी व काफी लोग कलेक्ट्रेट में मौजूद थे लेकिन किसी ने उसको बचाने की कोशिश नहीं की। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। एडीएम संजय सिंह ने बताया कि जानकारी कर्मचारी द्वारा थप्पड़ मारने की दी गयी है। मामले में जांच कराकार कार्यवाई कराई जा रही है।