ठेके पर बन रहा आंगनबाड़ी केंद्र, मानकों की उड़ रही धज्जियां

प्रेम द्विवेदी :

बघौली ब्लाक अहिरोरी के अंतर्गत ग्राम सभा गोपालपुर में ईआरएस विभाग से बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र में ठेकेदार के द्वारा सरकारी मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं । इस आंगनवाड़ी केंद्र में धड़ल्ले से पीला ईंट का प्रयोग हो रहा है और मसाले में सीमेंट मौरंग की जगह बालू का अधिक प्रयोग हो रहा है ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आंगनबाड़ी केंद्र सत्यम शुक्ला (ठेकेदार) के द्वारा बनवाया जा रहा है । जिसमें सरकार द्वारा तय मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं । इस आंगनबाड़ी केंद्र में घटिया सामग्री तथा पीला ईंट का धड़ल्ले से प्रयोग हो रहा है । लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर निगाह तक डालना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं ।लापरवाही का आलम यह है कि ब्लॉक से कुछ दूरी पर बन रहे इस आंगनबाड़ी केंद्र की जांच के लिए अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है । जिससे यह ठेकेदार मनमानी करते हुए सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखा रहा और धड़ल्ले से सरकारी मानकों की धज्जियां उड़ा रहा है ।

यहां के ग्राम प्रधान शाहिद ने बताया कि यह आंगनबाड़ी केंद्र ठेकेदार द्वारा बनवाया जा रहा है जिसमें कि मसाले में बालू का अधिक प्रयोग हो रहा है और धड़ल्ले से पीला ईंट भी लगाई जा रही है । जिसकी शिकायत उन्होंने एक्सईएन एस. के. गुप्ता से भी की । प्रधान द्वारा शिकायत करने पर एक्सईएन ने जेई को मौके पर भेजने भी बात कही थी । लेकिन ग्राम प्रधान जैसे जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के द्वारा शिकायत करने के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी के अभी तक मौके पर ना पहुंचने से सरकारी तंत्र पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं । अधिकारियों द्वारा ग्राम प्रधान की बात को नजरअंदाज करने से इस ठेकेदार के हौसले और भी बुलंद हैं ।

अब देखने वाली बात यह है क्या अधिकारी इस दबंग ठेकेदार से डर गए हैं या अधिकारियों और ठेकेदार के बीच में कोई गुप्त समझौता पहले ही हो चुका है ? जिससे कोई अधिकारी ग्राम प्रधान द्वारा की गई शिकायत के बावजूद मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझ रहा है । खैर मामला कुछ भी हो लेकिन इस आंगनबाड़ी केंद्र के बन जाने के बाद इस में बैठने वाले नौनिहालों और कार्यकर्त्रियों की जिंदगी हमेशा खतरे में बनी रहेगी ।