कछौना (हरदोई)- लखनऊ से हरदोई राजमार्ग पर कोतवाली कछौना (लखनऊ से लगभग 75 किमी०) के लगभग 100 मीटर आगे बी.एस.एन.एल.ऑफिस के सामने सड़क पर स्थित जर्जर हालत में पुलिया व काफी गहरे/जानलेवा गढ्ढे होने के कारण आमजनमानस को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गहरे गड्ढे होने से आए दिन कोई ना कोई राहगीर दुर्घटना का शिकार एवं चुटहिल होता रहता है। विभागीय अधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग की घोर लापरवाही के चलते सड़क निर्माण के समय (लेपन कार्य) में कई जगह सड़क को जर्जर हालत में छोड़ दिया गया है जिससे इन स्थानों पर जगह-जगह पर काफी गहरे गढ्ढे हो गए हैं, जोकि जानलेवा साबित हो रहे हैं। उक्त राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन रहता है। जिसमें नौनिहाल छात्रों, गंभीर समस्या/दुर्घटना से ग्रस्त व्यक्ति एवं आला अधिकारियों का आवागमन भी शामिल है। राजधानी से जनपद आने-जाने में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन इसी राजमार्ग से गुजरने के बाद भी सुध नहीं ली जा रही है। कालांतर में पिछले साल इन्हीं जानलेवा गढ्ढों के कारण कछौना के मतुआ निवासी अध्यापक अमृतलाल शर्मा की पत्नी राधारानी(58) की गढ्ढे में मोटरसाइकिल गिर जाने व सिर में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। विगत कुछ ही दिनों पूर्व हरदोई के जयपुरिया स्कूल के सामने मार्ग पर जर्जर गढ्ढे की चपेट में आने से कछौना के कलौली में कार्यरत महिला लेखपाल रंजना अवस्थी की असमय मृत्यु हो गई थी। उक्त गंभीर घटनाओं के होने के बाद भी विभागीय अधिकारी व प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोते हुए उक्त प्रकरण पर किसी प्रकार की सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। शायद प्रशासन इससे भी बड़ी किसी भयानक व अप्रिय घटना होने की प्रतीक्षा कर रहा है। इस राजमार्ग पर संबंधित क्षेत्र में लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर आवागमन करने पर विवश हैं। स्थानीय जागरूक नागरिकों द्वारा कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन को सूचना देने के बाद भी प्रशासन व विभागीय अधिकारियों ने किसी प्रकार का संज्ञान लेना उचित नहीं समझा। जोकि उक्त राजमार्ग पर आवागमन करनेवाले नागरिकों की जान व सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने/होने के साथ साथ सरकार द्वारा प्रभावी तरीक़े से सड़कों पर बेहतर आवागमन हेतु चलाए जा रहे शतप्रतिशत “गढ्ढा मुक्त अभियान” को जमीनी हकीकत से रुबरु कराते हुए अभियान की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विभागीय व संबंधित अधिकारी अपनी खाऊ-कमाऊ नीति के चलते महज खानापूर्ति करते हुए गढ्ढा-मुक्त सड़कों के नाम पर सरकारी धन का जमकर दुरप्रयोग करते हुए सिर्फ कागजों पर ही सड़कों को गढ्ढा मुक्त कर रहे हैं। जिसका बेहतरीन उदाहरण लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर *कोतवाली कछौना* के निकट बीएसएनएल ऑफिस के पास देखा जा सकता है।
क्षेत्रीय एवं जनहित की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने एंव साथ ही प्रशासन को अवगत कराने वाले संगठन *”जय-हिन्द जय-भारत मंच”* ने उपरोक्त गंभीर समस्या को लोकहित में अपने संज्ञान में लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों, विभाग, जनप्रतिनिधियों को पत्र देकर अवगत कराते हुए कार्रवाई एवं सड़क निर्माण तथा गढ्ढों को भरने की मांग की है। जिस सन्दर्भ में जनपद की विधानसभा संडीला से भाजपा विधायक *राजकुमार अग्रवाल (राजिया)* ने विधानसभा में प्रश्न उठाया है। अपने दिए गए पत्रांक संख्या 128417 में विधायक ने उक्त मुद्दे को उठा कर लोक निर्माण मंत्री को अवगत कराते हुए जल्द ही “जय हिंद➖जय भारत मंच (संगठन)” को मांग पूरी करने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट – एस.बी.सिंह सेंगऱ