इनरव्हील क्लब के तत्वावधान में कल्चरल फेस्ट-2018 रसख़ान प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ

इनरव्हील क्लब (डॉटर्स ऑफ दुर्गा) के तत्वावधान में शनिवार देर शाम कल्चरल फेस्ट-2018 रसख़ान प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पुलकित खरे ने आयोजन को अभूतपूर्व बताया। कहा कि इनरव्हील क्लब के प्रयासों ने एक जगह पर देश के अलग-अलग हिस्सों की मिट्टी की खुशबू बिखेर दी। डीएम ने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रेक्षागृह में साप्ताहिक या पाक्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहें। इस दिशा में जल्दी एक कमेटी बनाई जाएगी, ताकि प्रेक्षागृह जिस मंशा से बनाया गया था, वह पूरी हो सके।

इससे पहले विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ‘मधुर’ और वरिष्ठ अधिवक्ता अरुणेश बाजपेई ने कल्चरल फेस्ट-2018 का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। वंदे मातरम् व इनरव्हील प्रार्थना के बाद इस्कॉन मन्दिर (मथुरा) की टीम ने ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ भजन से फेस्ट की शुरुआत की। इसके बाद आकाशवाणी (लखनऊ) के सुगम संगीत कार्यक्रम के प्रस्तोता सचिन द्विवेदी और उनकी पत्नी नम्रता द्विवेदी ने भजन सुना दर्शकों की वाहवाही पाई। दोनों ने ‘इक राधा इक मीरा, दोनों ने श्याम को चाहा’ और ‘लागा चुनरी में दाग़ छुड़ाऊं कैसे’ भजन से प्रेक्षागृह में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लेकिन, असल सम्मोहन तब हुआ दर्शकों पर जब अंतर्राष्ट्रीय ओडिसी नृत्यांगना कुंजलता मिश्रा की टीम मंच पर आई। कुंजलता की एकल प्रस्तुति सहित टीम की दो प्रस्तुतियां हुईं। टीम ने कृष्ण रास की शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद दामोदर स्त्रोतम् के तहत माखन चोरी और कालिया मर्दन पर आधारित नृत्य नाटिका ने समां बांध दिया। अयोध्या से आई टीम ने मयूर नृत्य और ब्रज की फूलों की होली का मंचन किया। कल्चरल फेस्ट का समापन सचिन-नम्रता के भजन के बाद राष्ट्रगान से हुआ। डीएम पुलकित खरे ने कुंजलता मिश्रा को उनकी टीम सहित सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की।

क्लब अध्यक्ष चित्रा बाजपेई ने स्वागत भाषण में कहा कि संस्था महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गम्भीरता से काम कर रही है। जनसामान्य हमारी लोक संस्कृति से परिचित हों और अपनी समृद्ध पारम्परिक धरोहर से जुड़ाव महसूस करें, इस मंशा से सांस्कृतिक आयोजन संस्था कराती है। फेस्ट के समापन पर क्लब उपाध्यक्ष अनुराधा मिश्रा ने आए अतिथियों, फेस्ट आयोजन के सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। डॉ0 इन्दु शुक्ला और सार्थक पथ सेवा समिति के सचिव श्याम जी मिश्रा ने कार्यक्रम का संयुक्त संचालन किया।

फेस्ट के आयोजन में क्लब सचिव राखी द्विवेदी, नेहा नारायण, नीतू द्विवेदी, रागिनी तिवारी, रीना गुप्ता, शिवानी वर्मा, कंचन जिन्दल, रूपाली खन्ना, अपर्णा गुप्ता, सुप्रिया, शिल्पी रस्तोगी, रागिनी सिंह ने सहयोग किया। फेस्ट के विशेष सहयोगियों में महायोगी गुरू गोरखनाथ गर्ल्स इण्टर कॉलेज के प्रबन्धक अविनाश मिश्रा, हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनुराग नारायण, साईं नशा मुक्ति केन्द्र संचालक राजवर्धन सिंह ‘राजू’, युवा सोशलाइट अद्वैत सिंह ‘मानू’, लखीमपुर के राजीव त्रिवेदी और सार्थक पथ सेवा समिति सचिव श्याम जी मिश्रा को डीएम पुलकित खरे ने गणेश प्रतिमा देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राईस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सपत्नीक, डॉ0 चित्रा मिश्रा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पूर्व सदस्य लीला पाठक, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कुलभूषण सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक श्रीवास्तव, भाजपा नेता डॉ0 अरुण मौर्या, सपा के पूर्व जिला महासचिव राजेश श्रीवास्तव, जेके पब्लिक स्कूल के प्रबन्धक राजीव मोहन अवस्थी, आलोकिता श्रीवास्तव, श्रेय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।