हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर हुआ हादसा, बस से गिरकर युवक की मौत

हरदोई : हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर गुलामऊ पुलिया के पास रोडवेज बस से उतरते समय गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक दिल्ली से त्योहार में घर आ रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फूलबेहटा निवासी मदन (30) पुत्र राजाराम दिल्ली में मजदूरी करते थे। परिजनों ने बताया कि राजाराम चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। बड़े भाई संजय ने बताया कि मदन रोडवेज बस से दिल्ली से हरदोई आ रहा था। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर गुलामऊ पुलिया के पास घायलावस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई। जब मदन काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बस परिचालक पर धक्का देने का आरोप लगाया। बस पर सवार अन्य यात्रियों ने बताया कि मदन सो रहा था। सुबह चार बजे अचानक बस से उतरते समय उसकी शर्ट फंस गई, जिससे वह गिर गया और बस की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।