जिलाधिकारी ने शेष सामुदायिक एवं ग्रामीण शौचालयों के शीघ्र निर्माण के दिये निर्देश

कलेक्ट्रेट कक्ष में जिला स्वच्छता समिति/जिला स्वच्छ भारत मैनेजमेंट कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिला पंचायतराज अधिकारी गिरीश चन्द्र को निर्देश दिये कि शेष सामुदायिक शौचालयों का निर्माण गुणवत्तापरक ढंग से शीघ्र पूर्ण कराने के साथ केयर टेकर की नियुक्ति करायें। ग्रामीण शौचालयों की शेष प्रथम व द्वितीय किस्त का भुगतान तत्काल लाभार्थियों के खातों में भेजें और समस्त निर्माण कार्य समय से पूर्ण करायें।

बैठक में जिला पंचायतराज अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि समस्त विकास खण्डों मे लक्ष्य के अनुरूप 1306 सामुदायिक शौचालयों मे से 1287 का निर्माण हो गया है और 1246 सामुदायिक शौचालयों पर केयर टेकर कार्य कर रहे हैं। जिनमें से 1191 केयर टेयर के मानदेय का भुगतान नियमित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत फेज-2 में समस्त विकास खण्डों मे 20689 शौचालय निर्माण लक्ष्य के सापेक्ष 19653 लाभार्थियों को प्रथम किस्त तथा 17856 लाभार्थियों के खातों में द्वितीय किस्त भेज दी गयी है शेष 1036 लाभार्थियों को प्रथम किस्त व 2833 लाभार्थियों की द्वितीय किस्त शीघ्र लाभार्थियों के खाते में भेज दी जायेगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सुशील कुमार, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, अधिशासी अभियंता आरईएस श्री गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।