विपक्ष के शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दसवें दिन भी बाधित

विपक्ष के शोर-शराबे के कारण कल संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दसवें दिन भी बाधित रही। लोकसभा और राज्‍यसभा में बार-बार विभिन्‍न मुद्दों पर स्‍थगन के बाद दिनभर के लिए कार्यवाही स्‍थगित कर दी गई। वाई.एस.आर. कांग्रेस और तेलगुदेशम पार्टी के सदस्‍यों ने लोकसभा में शोर-शराबे के बीच ही सरकार के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव रखा। अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि सदन की कार्यवाही के सुचारू रूप से नहीं चलने के कारण वे इस पर आगे की कार्यवाही नहीं कर सकती हैं। हंगामे के बीच ही उन्‍होंने लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी। इससे पहले, अध्‍यक्ष ने उत्‍तरप्रदेश के दो और बिहार से एक नवनिर्वाचित सदस्‍य को शपथ दिलाई।

राज्‍यसभा में, सभापति एम वेंकैया नायडू ने पिछले दो सप्‍ताह से सदन की कार्यवाही में गतिरोध के कारण कोई विधायी कार्य न हो पाने पर चिन्‍ता व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने कहा कि गतिरोध के कारण लोग निराश हैं, क्‍योंकि बैंक घोटाले जैसे महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। इस बीच, कांग्रेस सहित अन्‍य विपक्षी सदस्य भी शोर-शराबा करते हुए सदन के बीचो-बीच चले आये, जिसके कारण कल की सदन की कार्यवाही स्‍थगित कर दी गई।