बदहाल विद्युत आपूर्ति से परेशान नगर के उपभोक्ताओं ने  प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को भेजा पत्र

सुधार ना होने पर उपभोक्ता करेंगे विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन

कुरसठ/कछौना (हरदोई) – नगर पंचायत कुरसठ के विद्युत उपभोक्ताओं ने नगर क्षेत्र के लिए आवंटित फीडर से आपूर्ति ना दिए जाने के कारण लो वोल्टेज की समस्या और जर्जर तारों की लाइन के कारण नगर क्षेत्र में उत्पन्न बदहाल विद्युत आपूर्ति स्थिति में सुधार के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा है l जिसमें उपभोक्ताओं ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और उनकी मांगे पूरी ना होने पर विद्युत उपकेंद्र पर धरना देने की बात कही है l

 

बताते चलें की नगर पंचायत कुरसठ को सुचारु रुप से विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए लगभग दो वर्ष पूर्व देबियापुर- कुरसठ विद्युत उपकेंद्र का निर्माण हुआ था l जिसके अंतर्गत ग्रामीण और नगर क्षेत्र को अलग-अलग सीटों से विद्युत आपूर्ति दी जानी थी l लेकिन विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण और नगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति एक ही फीडर से जोड़ दी l जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइन के कारण आए दिन लोकल फाल्ट होने पर नगर क्षेत्र की बिजली भी गुल हो जाती है और लो वोल्टेज की समस्या भी रहती है l जिसके कारण उपभोक्ताओं को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है l उपकेंद्र होने के बावजूद भी बिजली बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध नहीं है l
कुरसठ नगरवासी रत्नेश मोहन ने बताया कि इस समस्या के संबंध में विभागीय अधिकारियों कई बार अवगत कराया जा चुका है l लेकिन विभागीय अधिकारी कान में तेल डालकर बैठे हैं l
कुरसठ के नगर कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रकांत दीक्षित ने बताया कि विभागीय उदासीनता के कारण उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति मुहैया नहीं हो पा रही है l लोकल फाल्ट और आपातकालीन कटौती के कारण दिन भर में केबल चार-पांच घंटे बिजली ही मिल पाती है l जो विद्युत आपूर्ति मिलती है वह भी लो वोल्टेज के रूप में मिलती है l जिसके कारण बिजली से चलने वाले उपकरण मात्र शोपीस बनकर रह गए हैं l

 

सपा नगर अध्यक्ष लक्ष्मीकांत द्विवेदी ने बताया कि इस समस्या के संबंध में उपभोक्ताओं ने सामूहिक रुप से प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजा है l जिसमें उपभोक्ताओं ने समस्याओं के सुधार के संबंध में मांग की है l यदि विभागीय अधिकारियों ने जल्द सुधार व मांगे ना पूरी की तो नौ जुलाई को उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन करेंगे l