गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो गया। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को रिझाने के लिए जमकर प्रचार किया। अब इन दलों ने उत्तरी और मध्य गुजरात का रुख कर लिया है, जहां पांच दिसम्बर को दूसरे चरण का मतदान होना है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं जे पी नड्डा, अमित शाह, स्मृति ईरानी और पुरूषोतम रुपाला ने कई जगह जनसभाएं की। योगी आदित्यनाथ ने पंचमहल में एक रोड शो किया और लूनावाडा में एक रैली को संबोधित किया।
स्मृति ईरानी ने गांधी नगर में रोड शो किया और एक महिला सम्मेलन को संबोधित किया।
कांग्रेस के नेता आलोक शर्मा ने अहमदाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन किया जबकि पार्टी के अन्य नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार किया।
आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने सौराष्ट्र में कई जगह पर रोड शो किए।
पहले चरण में सौराष्ट्र, कच्छ और दक्षिणी गुजरात क्षेत्र की 89 विधानसभा सीटों के लिए एक दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कुल सात सौ 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।