राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। कल रात दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान सात दशमलव छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27 दशमलव दो डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में दिसंबर के पहले सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रह सकता है।
इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज भी बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। वायु गुणवत्ता प्रणाली तथा मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान – सफर के अनुसार शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह 346 दर्ज किया गया। कल यह 317 पर था। राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों तक इसके बहुत खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।