त्रिपुरा सरकार पर घोटालों की सरकार और यहाँ चल रहा है लेवी राज

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने त्रिपुरा सरकार पर घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्‍य में लेवी राज चल रहा है । श्री मोदी ने कल सनतीरबाजार और अगरतला में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। त्रिपुरा में पिछले पच्‍चीस वर्षों से सत्‍तारूढ़ वाम मोर्चो सरकार के कामकाज की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्‍य सरकार ने चिटफंड मामले में जांच की अनुमति नहीं दी क्‍योंकि इस मामले में माणिक सरकार के एक मंत्री का नाम आया था। उन्‍होंने कहा कि इसके अलावा, विशालगढ़ ब्‍लॉक विकास घोटाला और मनरेगा घोटाला सहित अन्‍य घोटाले भी सामने आए हैं। श्री मोदी ने कहा कि वाम मोर्चा सरकार श्रमिकों को न्‍यूनतम मजदूरी देने में विफल रही है और राज्‍य के लाखों कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्‍द्र राज्‍य को विकास कार्यो के लिए 80 प्रतिशत राशि प्रदान करता है, लेकिन राज्‍य सरकार ने अभी तक इस दिशा में कोई काम नहीं किया है। देश की जनता त्रिपुरा के विकास के लिए भारत सरकार के माध्‍यम से स्‍कूल, अस्‍पताल, रोड, रेल, यहां के गरीबों के घर बनाने के लिए, उनके घर में गैस का चूल्‍हा पहुंचाने के लिए अनेक विध योजनाओं के तहत पैसे पहुंचाती है। अगर सौ रूपये का खर्चा है 80 रूपया दिल्‍ली भेजता है। लेकिन ये धरती पर कोई काम दिखता है क्‍या। श्री मोदी ने कहा कि मौजूदा सरकार के कुशासन को बदलने के लिए यह चुनाव आम आदमी लड़ रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सिद्धान्‍त सबका साथ सबका विकास है, जिसमें जाति, धर्म और सम्‍प्रदाय के नाम पर कोई भेदभाव नहीं होता।