लोनी शुगर मिल के अधिकारियों की मनमानी से खून के आंसू रो रहा अन्नदाता

भले ही सरकार किसानों की समस्याओं पर सख्त हो लेकिन हरदोई के शाहाबाद की लोनी चीनी मिल प्रबंधन की मनमानी के चलते शाहबाद के आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान खून के आंसू बहा रहे हैं।यहां दूसरे जिले का गन्ना तो खरीदा जा रहा है लेकिन आसपास के किसानों को पर्ची का इंतजार है।

क्षेत्र में जब लोनी फैक्ट्री का शुभारंभ हुआ था तब किसान फूले नहीं समा रहे थे और यह सोचते थे कि गन्ने की पैदावार होने से उनके जीवन में खुशहाली आएगी लेकिन शायद यह उनकी भूल थी।लोनी मिल प्रशासन किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। किसानों का कहना है कि लोनी मिल प्रशासन शाहजहांपुर जिले से रोजाना सैकड़ों कुंटल गन्ना जो कि गन्ना क्रय केंद्रों ब दलालों के मार्फत से फैक्ट्री तक पहुंचता है ले लिया जाता है लेकिन आस-पास के किसानों को गन्ने की पर्चियां नहीं दे रहा है जिसकी वजह से उनकी गन्ने की फसल चूहे बर्बाद कर रहे हैं व लाखों कुंटल गन्ना सूख चुका है और खराब हो रहा है।

किसानों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही।जिसकी वजह से किसानों में आक्रोश व्याप्त है और यह भयंकर रूप भी ले सकता है। किसानों से मिली जानकारी के अनुसार मिल प्रबंधन तकरीबन एक डेढ़ महीने से पर्चियां वितरण में लापरवाही एवं मनमानी बरत रहा है।कुछ दिन पहले ही दौलतपुर गंगादास में तकरीबन 13 बीघा गन्ना शॉर्ट सर्किट की वजह से जलकर राख हो गया है जिसकी वजह से किसान परेशान है।किसानों की समस्या को सुनने के बाद उप जिलाधिकारी शाहबाद दिग्विजय प्रताप सिंह ने जल्द से जल्द किसानों की समस्याओं को सुलझाने का आश्वासन दिया है।