किसान वैज्ञानिक तरीको को अपना कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेः-जिला उद्यान अधिकारी 

राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत दो दिवसीय कृषक संगोष्ठी/सेमिनार के समापन समारोह के अवसर पर गांधी भवन सभाकक्ष में आये हुए प्रगतिशील किसानो को सम्बोधित करते हुए कृषि वैज्ञानिको ने किसानो की आमदनी को बढाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र हरदोई के वैज्ञानिक डा0 राम प्रकाश, फसल उत्पादन की उन्नत तकनीक से अवगत कराते हुए डा0 दीपक मिश्र, उद्यान सम्बन्धी जानकारी देते हुए डा0 पृथ्वीपाल, पौध सुरक्षा पर अपने सुझाओं को साझा करते हुए डा0 सी0पी0एन0 गौतम, पशु पालन से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए पशुओ की देख रेख एवं उनकी सुरक्षा पर चर्चा करते हुए डा0 एम0एन0 पाण्डेय तथा कृषि से सम्बन्धित प्रचार प्रसार का महत्व बताते हुए डा0 मुकेश सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये।
                               इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि इस विज्ञान के युग में खेती करने के तौर तरीको को भी वैज्ञानिक नजरिये से देखना होगा, जिसमें उन्नत बीज, कृषि यंत्र, सिचाई के तौर तरीके, जैविक खादो का प्रचलन सम्मिलित है। इसके लिए सबसे पहले कृषि विभाग में अपना पंजीकरण करायें ताकि उन्हें शासन की सभी योजनाओं का लाभ एवं अनुदान मिल सके। किसान भाई प्रर्दशनी में कृषि, गन्ना, दुग्ध उत्पादन, मण्डी, आयुवेर्दिक, लघु सिंचाई, उद्यान, मत्स्य, फल संरक्षण एवं अन्य विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर उससे लाभ उठाये जिससे किसानो की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। उन्होने बताया कि ऐसे बहुत कम मौके आते है जब हमे एक ही स्थान पर कई विभागो द्वारा चलायी जा रही योजनाओ की जानकारी प्राप्त हो पाती है। उन्होने कहा कि खेती के साथ ही पशु पालन, सब्जियो के उत्पादन तथा फलो की खेती करके किसान भाई अपनी आय को बढ़ा सकते है।
                             कार्यक्रम में उद्यान निरीक्षक हरिओम नारायण वर्मा, सहायक उद्यान निरीक्षक अजय सिंह, औचित्य सिंह, शिव शंकर सिंह सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी एवं किसानगण आदि मौजूद रहे।