गौसगंज, हरदोई। सड़कों पर जिस तरीक़े से यातायात बढ़ा है, उस हिसाब से सड़कों पर आवागमन की आदतों में जनता में सुधार नहीं है। छोटी सी चूक से व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो जाता है। वर्तमान समय में दुर्घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं के दुःखद समाचार मिलते हैं।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र कासिमपुर के अंतर्गत ग्राम सभा गौसगंज में एक किसान दुर्घटना का शिकार हो गया था। जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। गौसगंज निवासी किसान लाल बहादुर 65 वर्ष का 23 जनवरी को अपने खेत पर से साइकिल से घर आ रहे थे, इसी दौरान संडीला गौसगंज मार्ग पर पटेल धर्म कांटा के पास तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी और वृद्ध किसान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन ने मौके पर पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भर्ती कराया था। डॉक्टर्स ने घायल को ट्रामा सेंटर लखनऊ रिफर कर दिया था। इलाज के दौरान दो मार्च की सुबह किसान का निधन हो गया। इस घटना से परिवार के ऊपर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक किसानी के माध्यम से परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
–पी०डी० गुप्ता