हरदोई- सांडी कस्बे की गल्ला मंडी के समीप दो बाइकें आपस में टकरा गई। जिसमें दोनो बाइकों पर सवार एक-एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनो को जिला अस्पताल लाया गया। जहां उन्हे मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे से दोनो परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
सांडी थाना क्षेत्र के घटकना गांव निवासी मुकेश कुमार (35) पुत्र उदयप्रताप बावन ब्लाक के अनंग बेहटा गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था। बुधवार की देर शाम बाइक से ड्यूटी कर अपने गांव को वापस निकला। उधर से दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली शहर के रेलवेगंज निवासी ब्रजेश गुप्ता (40) पुत्र विजय सांडी कस्बा स्थित सीमेंट मौरंग की दुकान बंद कर बाइक से शहर को निकला। दोनो की बाइकें कस्बे के आगे ईंट भट्ठे के समीप गल्ला मंडी के निकट एक दूसरे से भिड़ गई। जिससे दोनो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। राहगीरों की ओर से हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया व परिजनो को सूत्रों के हवाले से जानकारी दी।
जिला अस्पताल में दोनो घायलों को मृत घोषित कर दिया गया। शवों को शवगृह में रखवाया गया। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनो के शव परिजनो के सुपुर्द कर दिए गए। मृतक मुकेश के परिवार में पुत्री स्वाती, पुत्र अभय व पत्नी मीना बताई गई है। वह अपने भाई मोहित से छोटा था। वहीं ब्रजेश के तीन पुत्र केशव, कुशल, नमन व पत्नी बबिता बताई गई हैं। वह 3 भाइयों में बड़ा था। परिवार में भाई सुमित ललित हैं।