जिला पंचायत अध्यक्ष हरदोई के वित्तीय अधिकार हुए सीज

                     जिला पंचायत अध्यक्ष के वित्तीय अधिकार सीज हो गए है।उसके बाद तीन सदस्यीय टीम अब संचालन करेगी।वित्तीय अधिकार सीज होने के बाद भाजपा के नेता जिला पंचायत पहुंचे और गहमागहमी के बीच संचालन समिति की नियुक्ति की कार्यवाही पूर्ण करायी।कहीं कोई बवाल न हो उसको देखते हुए पुलिस बल भी लगाया गया था।
                    बतादें की सूबे की योगी सरकार ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी हरदोई से सपा सांसद नरेश अग्रवाल की करीबी और हरदोई जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा अग्रवाल को निलंबित कर दिया साथ ही निलंबन के बाद से मीरा अग्रवाल के सारे अधिकार सीज कर दिए गए हैं।गौरतलब है पिछले दिनों हरदोई डीएम शुभ्रा सक्सेना ने उत्तर प्रदेश शासन को भेजे एक रिपोर्ट में हरदोई जिला पंचायत में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था और जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भी की थी।मामले में हुई शिकायत के बाद डीएम हरदोई की रिपोर्ट को संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव पंचायती राज मीरा अग्रवाल के निलंबन का आदेश जारी किया।निलंबन आदेश की प्रति हरदोई जिले में पहुंचने के बाद से ही जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा अग्रवाल के सारे अधिकारों पर रोक लगा दी गई थी।
                    शुक्रवार को बिलग्राम मल्लावां से भाजपा विधायक आशीष सिंह आसू, जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री,पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र समेत दर्जन भर से अधिक भाजपा पदाधिकारी दल बल के साथ जिला पंचायत पहुंचे और तीन सदस्यीय टीम बनवाकर संचालन का जिम्मा दिलाया।इस टीम में जिला पंचायत सदस्य जयदेवी,पंकज कुमार व कृष्णपाल सिंह शामिल किए गए।भाजपा नेताओं की मौजूदगी में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी आर एस यादव ने टीम के हस्ताक्षर कराये।इस दौरान कोई गड़बड़ी व बवाल न होने पाए इसको लेकर पुलिस बल मौजूद रहा।