नर्सिंग होम के चिकित्सक समेत पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट 

सात माह बाद न्यायालय के आदेश पर चिकित्सकों समेत पांच पर कार्रवाई

                 पिहानी (हरदोई)- कोतवाली पिहानी के शाहाबाद तिराहे पर संचालित एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर भर्ती युवक की संदिग्ध हालात में 17 मई को हुई मृत्यु के मामले पर चिकित्सकों समेत पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है ।
                  गत 15 मई 2017 को  कस्बे के मोहल्ला खुरमूली निवासी अजीम के पुत्र निजामुद्दीन (20) बुधवार को पेट मे दर्द की दवा लेने पिहानी-हरदोई रोड पर शाहाबाद तिराहे के पास स्थित मां चंद्रिका हॉस्पिटल पर दवा लेने गया था । वहां मौजूद चिकित्सक डॉ अर्चना ने उसे भर्ती कर लिया और कई इंजक्शन लगाए। भर्ती होने की बात जब उसने घर वालों को बताई तो उसके पिता मोहम्मद अजीम भी वहां पहुंच गए। रात को उसे नर्सिंग होम में ही रुकने के लिए कहा गया। रात लगभग एक बजे तबियत में सुधार की बात कह कर अस्पताल के एक कर्मचारी ने निजामुद्दीन के पिता को घर भेज दिया और कहा कि सुबह फिर चले आना । पिता के अनुसार जब वह गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे  नर्सिंग होम पहुंचे तो डॉक्टर और स्टाफ नदारद था । अंदर गए तो बेड पर उनके पुत्र निजामुद्दीन का शव पड़ा हुआ था । शरीर पर चकत्ते पड़े हुए थे । मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरदोई के आदेश पर सोमवार को घटना के सात माह बाद नर्सिंग होम के डॉ अर्चना, डॉ प्रमोद यादव, डॉ अनूप व वार्ड ब्वाय पंकज आरख, राहुल उर्फ कल्लू के खिलाफ  गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिये ।