गैस एजेंसी के गोदाम से 146 गैस के भरे सिलेंडर चोरी

                 बिलग्राम (हरदोई)- बिलग्राम क्षेत्र मे बीती रात चोरों ने क्षेत्र की गैस एजेंसी के गोदाम से 146गैस के भरे सिलेंडर चोरी कर लिये ।सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने घटना की जाँच करते हुए फोरेंसिक टीम बुलाकर जाँच कराई है ।
                मिली जानकारी के मुताबिक माँ इन्द्रा इन्डेन गैस एजेंसी के नाम से संचालित हो रही उक्त गैस एजेंसी का गोदाम माधोगँज मार्ग पर चाँदपुर गाँव के सामने है । जिसमें देखरेख करने वाले  कर्मचारी संतराम यादव, राजेश आदि ने प्रातःकाल एजेंसी का गोदाम खोल कर देखा तो उक्त गोदाम का दक्षिणी पूर्वी कोना खुला हुआ औऱ गोदाम से सिलेंडर गायब दिखाई दिये । जिसके बाद एजेंसी के प्रबंधक विनोद कुमार निवासी माधोगंज व एजेंसी के स्वामी प्रमोद सिंह जो कि लखनऊ में रहते हैं को  घटना की जानकारी दी गई । इस दौरान पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई । घटना स्थल का मुआयना सी. ओ. देवेंद्र सिंह ने किया । कोतवाल सत्येन्द्र सिंह ने मामले की जाँच की है । मामले में कर्मचारियों ने बताया कि गोदाम की छत सीमेंट की चादर का कोना तोड़कर सिलेंडर निकाले गए औऱ क़रीब छह फुट बाउंड्री वाल से फांदकर खेत से निकलकर सिलेंडर ले जाए गए । मामले मे कुल 146 सिलेंडर चोरी होने की जानकारी दी गई है । संतराम ने बताया कि प्रबंधक की ओर से पुलिस को देर शाम घटना की तहरीर दी गई है । कोतवाल सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की जाँच चल रही है जल्द खुलासा होगा ।