शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक लगी धुरपुरा हार के एक बाग में लगी आग देखते ही देखते खेतों में फैल गयी । आग से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। आग की लपटों को देख कर कलौली सहित धुरपुरा एवं मण्डलईहा के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद खेतों में लगी आग पर काबू पा लिया गया ।
इस आगजनी की घटना में धुरपुरा एवं कलौली निवासीे बलराम, अवधेश, विशम्भर, रामसागर, कोमिल, रामशंकर, हरि कुमार आदि किसानों के खेत में पकी खड़ी गेंहू की फसल जल कर खाक हो गयी। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कि बाग में कोई आग को बुझाए बिना होला भून कर चला गया था और उसी की चिंगारी से आग लगने का कयास लगाया जा रहा है । इस आगजनी की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासन को दी थी । मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल सुमित कनौजिया ने बताया कि लगभग 25 बीघे पकी खड़ी गेहूं की फसल जल गई है । रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को देंगे । उसके बाद आर्थिक सहायता दी जाएगी ।