“समाज को सुदृढ़ बनाना ही हमारा उद्देश्य” – चंद्र प्रकाश
कछौना (हरदोई)। उत्तर प्रदेश शासन में पूर्व अपर मुख्य सचिव व समाज कल्याण विभाग में आयुक्त रहे वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्र प्रकाश ने नगर में लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर स्थित यू.जे. पैलेस में प्रेसवार्ता आयोजित कर प्रदेश में भाजपा सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। 160-विधानसभा बालामऊ (सु०) से भाजपा के संभावित उम्मीदवार चंद्र प्रकाश ने प्रेसवार्ता में उपस्थित विभिन्न टीवी चैनलों व प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। लेकिन कुछ अपरिहार्य कारणों व जागरूकता के अभाव के चलते कई पात्र लोग इसके लाभ से वंचित हो जाते हैं। इसलिए आवश्यक है कि जनता जागरूक हो, अपने अधिकारों को जाने और योजनाओं का लाभ ले। योजनाओं के क्रियान्वयन में सिंगल विंडो सिस्टम होना चाहिए।
बेरोजगारी की बढ़ती समस्या पर उन्होंने कहा कि यदि आप शिक्षित हैं तो आप अपने हुनर को आजमाते हुए अपना स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी उद्योग, बागवानी आदि जैसे कामों की शुरुआत करके देश और समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि धर्म, जाति से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद की भावना विकसित करें जिससे देश मजबूत हो। देश के एक भावी नागरिक के रूप में अपने आप को स्थापित करते हुए सदैव प्रयास करें कि देश ऊंचाइयों की ओर अग्रसर रहे। आज के लोगों में स्वाभिमान की भावना खत्म हो रही है इसलिए उन्होंने सबसे पहले ही “स्वाभिमानी बनो, राष्ट्रवादी बनो” का नारा दिया है, क्योंकि जब राष्ट्र मजबूत होगा तो हम आप भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि वो अभी तक बालामऊ विधानसभा के अंतर्गत विकासखंड कछौना, बेंहदर, कोथावां के दर्जनों गांवों का दौरा कर चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र के किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्वरोजगार करने वाले लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर वो उनकी मूलभूत समस्याओं के बारे में जानने का प्रयास कर रहे हैं और उनके निराकरण का आश्वासन भी दिया है। महिला सशक्तिकरण पर भी उनका प्रयास जारी है, जल्द ही महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के जरिए उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाकर उन्हें आर्थिक मजबूती देने का काम करेंगे।
उनका कहना है कि विधायक बनना ही उनका उद्देश्य नहीं है बल्कि आमजनमानस में राष्ट्रवाद की अलख जगाते हुए सेवाभाव के साथ समाज को सुदृढ़ बनाना ही उनका विजन है।पब्लिक में जब विश्वास पैदा होगा तभी आप उसके लीडर होंगे।
भाजपा से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने बताया कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। देश की अन्य पार्टियों ने देश को बांटने का काम किया है। भाजपा सर्वसमाज की पार्टी होने के साथ साथ सबका साथ, सबका विकास, सबका सम्मान करने वाली पार्टी है।राष्ट्रवादी पार्टी होने के कारण ही वो भाजपा के साथ हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को मजबूत करने का काम किया है जिससे देश को एक अलग ही ताकत मिली है। हम सभी को पीएम मोदी के उद्देश्यों को पूरा करने में एक साथ आना है।
प्रेसवार्ता में उनके सहयोगी के तौर पर उपस्थित रहे उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री व गौ सुरक्षा समिति (उत्तराखंड सरकार) के अध्यक्ष शैलेश कुमार वर्मा ‘उज्ज्वल’ ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सेवा करने के उद्देश्य से उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्र प्रकाश ने समाज के उत्थान के लिए अपने आप को समर्पित किया है। विधानसभा क्षेत्र बालामऊ के लोगों से अपनी अपील करते हुए उन्होंने चंद्र प्रकाश को विधानसभा भेजने में सहयोग देने का निवेदन किया।
रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ