समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और संरक्षक तथा उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन

समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और संरक्षक तथा उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। वे 82 वर्ष के थे। श्री यादव लम्‍बे समय से बीमार थे और गुरूग्राम के एक निजी अस्‍पताल में भर्ती थे।
वर्तमान में मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव सात बार लोकसभा के लिए चुए गए। वे देश के रक्षामंत्री भी रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सुश्री मुर्मु ने इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि श्री मुलायम सिंह यादव साधारण पृष्ठभूमि से थे लेकिन उन्होंने अपनी असाधारण उपलब्धियों के कारण सभी राजनीतिक दलों का सम्मान हासिल किया। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि मुलायम सिंह यादवजी विनम्र और जमीन से जुड़े नेता थे। वे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। प्रधानमंत्री ने कहा है कि श्री यादव ने पूरी लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जय प्रकाश नारायण तथा डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के आदर्शों को आगे बढाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया।

श्री मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। श्री मोदी ने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने मजबूत भारत के लिए काम किया और राष्ट्रीय हित को हमेशा सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि श्री यादव जब मुख्यमंत्री थे तो उनकी उनसे कई बार बातचीत हुई थी। श्री मोदी ने कहा कि श्री मुलायम के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे और वे हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहते थे।

गृहमंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायमसिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। एक ट्वीट में श्री शाह ने कहा कि श्री यादव अपने राजनीतिक कौशल के कारण दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। उन्‍होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की बहाली के लिए आवाज उठाने वाले मुलायम सिंह यादव को हमेशा जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा। श्री शाह ने कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति में एक युग का अंत है।

श्री राजनाथ सिंह और डॉक्टर जितेंद्र सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने श्री मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव से टेलीफोन पर बात कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। श्री योगी ने उत्‍तरप्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। श्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्‍कार राजकीय सम्‍मान के साथ किया जाएगा।