गड्ढामुक्त अभियान की पोल खोल रही दीननगर की सड़क

इस मार्ग को जिम्मेदारों ने गड्ढा मुक्त अभियान के बजाय शायद गड्ढा युक्त अभियान में किया शामिल

कछौना, हरदोई। योगी सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का दावा तो कर रही है, लेकिन दीननगर मार्ग जो गड्ढों से भरी हैं। शायद इस मार्ग को गड्ढा मुक्त अभियान के बजाए गड्ढा युक्त अभियान के तहत योगी सरकार के अधिकारियों ने शामिल कर लिया है। इन मार्ग पर चलना बेहद खस्ताहाल हैं। यह मार्ग शासन के दावों की पोल खोल रहा है। खास बात यह है कि गड्ढों में तब्दील हो चुके मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया। जनप्रतिनिधि हों या अधिकारी सभी मूकदर्शक बने हुए हैं। जबकि सरकार सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा कर रही है।    

बतातें चलें  कछौना हथौड़ा मार्ग से रानी बाग के पास से दीन नगर को जाने वाली मार्ग की दूरी लगभग पांच किलोमीटर एक दशक से जर्जर/खस्ताहाल है। जगह-जगह पर गड्ढों में तारकोल की सड़क को तलाशना पड़ता है। अक्सर लोग गिरकर घायल होते हैं। यह मार्ग कई जगह तालाब बन चुकी हैं। दर्जनों ग्रामों के ग्रामीणों  के प्रतिदिन आवागमन का यह मुख्य मार्ग है। क्षेत्र के ग्रामीण दर्जनों बार इसे बनवाने की मांग कर चुके हैं। परंतु उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया। लिहाजा, सड़क की हालत और भी ज्यादा दयनीय होती जा रही है। 

क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत यादव ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण आना-जाना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग पर पैदल चलना भी दुष्क है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान होती है, क्योंकि गांव में वाहन व एंबुलेंस पहुँचने में काफी असुविधा होती है। जिसके चलते कई बार अनहोनी घटना घट चुकी है। जबकि इस मार्ग पर दर्जनों विद्यालयों में पोलिंग बूथ भी बने है। अगर सीख इस माह का जीर्णोद्धार नहीं किया गया तो इस मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीण प्रतीकात्मक धान की रोपाई कर प्रदर्शन करने को विवश होंगे।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता