पाली (हरदोई)– थाना क्षेत्र में घर में घुसकर तमंचे के बल पर एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पांच दिन पहले हुई वारदात की रिपोर्ट जब पाली थाने में नहीं लिखी गई, तब पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पाली थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 26 वर्षीय महिला ने बताया कि उसके पति विगत 25 जून को खेत पर पानी लगाने गए हुए थे, तभी करीब 1 बजे रात को गांव के ही रजनीश पुत्र राधेश्याम अपने भाइयों रिंकू एवं सुनील के साथ उसके घर में गलत नियत से घुस आया। महिला का आरोप है कि तमंचे के बल पर तीनों आरोपियों ने जबरन उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। चीखने चिल्लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। महिला की इज्जत को तार तार करने के बाद तीनों आरोपी, मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए भाग निकले। इसके बाद महिला ने अपने साथ हुए दर्दनाक वाक्ये से पति को अवगत कराया। पीड़ित महिला इंसाफ की आस लेकर अगले दिन सुबह जब पाली थाने आई, तो उसका आरोप है कि उसे दुत्कार कर थाने से भगा दिया गया। उसकी बात सुनने तक की जहमत उठाना तक जरूरी नही समझा गया। आखिरकार पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा से न्याय की गुहार लगाई, उसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी श्री मिश्र ने पाली थाना पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुपालन में पाली पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर रन्धा सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।