प्रत्येक विद्यालय की छुट्टी के समय में थोड़ा अन्तराल किया जाये:- पुलकित खरे

                    जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा है कि बेणीमाधव इंटर कालेज, राम जूनियर हाई स्कूल, बाल बिहार, तारा एकेडमी, आर्य कन्या इंटर कालेज एवं आर्य कन्या बालिका डिग्री कालेज की छुट्टी का समय एक है और इसी अवधि में नगर के अन्य स्कूलों सेंट जेम्स, सेंट जेवियर्स, गुरू राम राय आदि की बसें भी इसी मार्ग से निकलती है जिससे प्रायः नुमाईश चौराहे से बड़ा चौराहा तक जाम लग जाता है । जिससे बेणीमाधव, आर्य कन्या इण्टर कालेज में पढ़ने वाली छात्राओं एवं बाल बिहार, तारा एकेडमी व राम जूनियर हाई स्कूल में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को जाम के हालात से गुजरना पड़ता है।
                 उन्होने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रातः काल इन स्कूलों के खुलने का समय भी समान है तथा प्रातः बडे़ चौराहे पर काफी संख्या में मजदूर बेतरतीबी से इधर-उधर खड़े होकर अधिकांश भाग अतिक्रमित कर लेते हैं । जिससे स्कूल जाने वाले छात्र/छात्राओं को असुविधा होने के साथ जाम भी लग जाता है। जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त सभी विद्यालयों के प्रबन्धकों एवं प्राचार्यो से विचार विमर्श करें और यह सुनिश्चित करें कि छात्र/छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक विद्यालय की छुट्टी के समय में थोड़ा अन्तराल किया जाये । जिससे जाम की स्थिति न उत्पन्न हो और छात्र/छात्राओं व जन सामान्य को असुविधा भी न हो।