कल टोक्यो-ओलिम्पिक में भारतीय गोल्फ़र ‘अदिति अशोक’ के लिए ‘स्वर्णपदक’ जीतने का शानदार अवसर -जय हो!

★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

भारत का मीडिया-तन्त्र और ‘न्यू इण्डिया’ के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी उस युवा खिलाड़ी को भूल गये हैं, जो आज (६ अगस्त) टोक्यो-ओलिम्पिक के ‘महिला गोल्फ’ खेल-प्रतियोगिता में अपने प्रभावकारी प्रदर्शन से विश्व की जानी-मानी खिलाड़ियों को बहुत पीछे छोड़कर ‘दूसरे स्थान’ पर पहुँच चुकी है। वह गोल्फ़-प्रतियोगिता में भागीदारी करनेवाली अल्पतम अवस्थावाली खिलाड़ी है।

उल्लेखनीय है कि २३ वर्षीया भारतीय गोल्फ़र अदिति अशोक ने महिलाओं के व्यक्तिगत ‘स्ट्रोक प्ले’ के तीसरे चक्र (दौर) के बाद आज ‘दूसरा स्थान’ अर्जित कर लिया है; पहले अदिति तीसरे स्थान पर थी। यदि अदिति का प्रदर्शन इसी तरह से बना रहा तो वह भारत के लिए पदक जीत सकती है।

कल (७ अगस्त) चौथे और अन्तिम चक्र में अदिति भारत के लिए पहला स्वर्णपदक जीतने के लिए प्रबल दावेदार होगी। यदि प्रतिकूल मौसम के कारण चौथा और अन्तिम (फ़ाइनल) चक्र का खेल नहीं होता है तो अदिति अशोक ‘रजतपदक’ पर अधिकार कर सकती है।

हम सभी की मंगलकामना ‘अदिति अशोक’ के साथ है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ६ अगस्त, २०२१ ईसवी।)