गोंडा– देवीपाटन मण्डल के आयुक्त सुधेश कुमार ओझा द्वारा मनरेगा की स्थिति में युद्धस्तर पर सुधार लाने के लिए तथा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘आओ तालाब संवारा जाए’ अभियान का शुभारम्भ किया गया है।
शुक्रवार को आयुक्त देवीपाटन सुधेश कुमार ओझा व जिलाधिकारी गोण्डा जेबी सिंह ने विकासखण्ड पण्डरीकृपाल अन्तर्गत दो ग्राम पंचायतों सोनापार व मुण्डेरवा कला में पहुंचकर अभियान का शुभरम्भ किया। सोनापार में आयुक्त ने डीएम के साथ बाकायदा पूजन किया तथा नारियल फोड़कर अभियान का शुभारम्भ किया। आयुक्त श्री ओझा ने बताया कि यह अभियान देवीपाटन मण्डल के सभी जनपदों में शुरू किया जा रहा है। उन्होने कहा कि इस अभियान से मनरेगा में देपीपाटन मण्डल की स्थिति प्रदेश स्तर पर बहुत बेहतर हो जाएगी तथा बरसात के पहले तालाबों के जीर्णोद्धार हो जाने से तथा नए तालाबों की खुदाई हो जाने से जल संचयन को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा मिलेगा। सीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि इस अभियान में तालाबों का जीर्णोद्धार व नए तालाबों की खुदाई का काम मनरेगा से कराया जाएगा। उन्होने बताया कि इस अभियान में जिले की 1054 ग्राम पंचायतों में 1017 ग्राम पंचायतों को चयनित किया गया है। इस अभियान में बीस लाख तेरह हजार छः सौ साठ मानव दिवसों का सृजन होगा तथा लगभग चालीस हजार मनरेगा मजदूरों को रोजगार मिलेगा। उन्होने यह भी बताया कि इस पूरे अभियान में 3915.45 लाख रूपए का कार्य मनरेगा से कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त इसी अभियान के तहत जनपद में 555 चकरोड का निर्माण तथा 594 अन्य कार्य मनरेगा से कराए जाएगें। सीडीओ ने बताया कि पूरे अभियान में कुल 33 लाख मानव दिवसों का सृजन होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सीडीओ द्वारा माइक्रोप्लान तैयार कर सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत, एपीओ मनरेगा, पंचायत सचिवों तथा ग्राम प्रधानों को सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वे चिन्हांकित स्थलों पर नए तालाबोें का निर्माण तथा पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार कराएंगें तथा इसकी डेली रिपोर्ट आयुक्त, डीएम व सीडीओ को देगें।
अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर डीएम गोण्डा जेबी सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मण्डल बी0के0 पाठक, सीडीओ गोण्डा अशोक कुमार, डीसी मनरेगा हरिश्चन्द्र प्रजापति, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि श्रेयस्कर सिंह गौरव, पंचायत सचिव अनुपमा सिंह, ग्राम प्रधान ममता मिश्रा, ग्राम प्रधान मुण्डेरवा कला, पंचायत सचिव तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।