सोशल मीडिया पर अपील सुन समाजसेवी ने उपलब्ध कराया राशन

शरदेन्दु मिश्र ‘राहुल’ बघौली

पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले चुकी महामारी कोरोना के संकट से उबरने के लिये भारत में सम्पूर्ण लाकडाउन चल रहा है । पर इसी लाकडाउन की सबसे गहरी चोट रोज कमाने खाने वाले वर्ग पर पडी़ है । इन बेबस लोगों के समक्ष आज ‘पेट की आग’ यक्ष प्रश्न की भांति खड़ी है । इस समस्या के प्रत्यक्ष प्रमाण हम लोगों को आसपास ही देखने को मिलते है ।

इसी कडी़ में कस्बा बघौली में करीब तीन दशक पहले रोजगार की तलाश में दूसरे जनपद से आकर विनय सिंह मेहनत मजदूरी करने लगे । कुछ वर्ष पूर्व कमर की हड्डी टूट जाने के साथ पैसे के अभाव में विनय इलाज न करा सके और मेहनत मजदूरी से भी दूर हो गये । लाकडाउन के बाद विनय मांग कर खाने पर मजबूर हो गये । इन्हीं की सहायता के लिये एक दिन पूर्व सोशल मीडिया पर अपील की गई थी । इसी अपील को पढ़ कर जनसत्ता लोकदल के युवा जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह “राघव” ने कस्बे के प्रतिष्ठित व्यवसाई शैलीशंकर रस्तोगी के साथ शुक्रवार को विनय सिंह को एक बोरी आटा, 5 किलो चावल, दो किलो दलिया के साथ में मास्क व अन्य गृहोपयोगी सामग्री हेतु नकद धनराशि भी मुहैया कराई । जिसे पाकर लाचार विनय की आंखे डबडबा आयीं । कस्बे के स्थानीय निवासियो ने अर्जुन सिंह राघव की इस सहायता की भूरि भूरि प्रशंसा की ।

www.indianvoice24.com से बातचीत में अर्जुन सिंह “राघव” ने बताया कि समाजसेवा करने का जज्बा उन्हे अपने बाबा जी के अलावा जनसत्ता लोकदल के मुखिया रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया से मिलता है ।