विद्युत संविदाकर्मियों को पिछले आठ माह से नहीं मिला मानदेय

  • परिवार भुखमरी की कगार पर।
  • ठेकेदारों द्वारा संविदाकर्मियों का हो रहा जमकर शोषण।

कछौना(हरदोई): विद्युत उपकेन्द्र कछौना पर तैनात संविदाकर्मियों को पिछले आठ माह से मानदेय, ईपीएफ, ठेकेदारों व अधिकारियों की लापरवाही के चलते नहीं मिल पा रहा है। जिसकी मांग हेतु संविदाकर्मी बुधवार को डीएम की चौखट पर पहुंचे लेकिन डीएम के न मिलने के कारण सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।

मानदेय न मिल पाने के कारण उनके परिवार भुखमरी के कगार पर हैं। विद्युत संविदाकर्मी ब्रजेश कुमार, रवीन्द्र सिंह, सर्वेश कुमार, राकेश शुक्ला, देशराज, गौतम, फैयाज, रामासरे, बलवीर आदि ने दिए गये ज्ञापन में बताया कि हम सब विद्युत संविदाकर्मियों को पिछले आठ माह से वेतन नहीं दिया गया है जिसके जिम्मेदार पूर्व ठेकेदार पवन शुक्ला व वर्तमान ठेकेदार नीरज गुप्ता हैं। साथ ही ठेकेदार द्वारा हम लोगों को पहचान पत्र, विद्युत सुरक्षा उपकरण, स्वास्थ्य कार्ड आदि का लाभ नहीं दिया जा रहा है। वहीं ठेकेदार लोग दबाव बनाकर निर्धारित वेतन में से दो हजार की अवैध कटौती भी कर लेते हैं। इसका विरोध करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है। हम लोगों का ठेकेदारों द्वारा जमकर शोषण किया जाता है। सभी संविदाकर्मी बिना सुरक्षा उपकरण के जान जोखिम में डालकर विद्युत कार्य करने को विवश हैं। विद्युत लाइन सही करने में आये दिन कोई ना कोई श्रमिक चुटहिल भी होता है। सम्बंधित अधिकारियों से दर्जनों बार गुहार लगाने के बाद भी संविदाकर्मियों को कोई न्याय नहीं मिलता है। हम लोगों की समस्यायों का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो हम कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।


रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता