ट्रैक्टर की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत

हरदोई 23 दिसंबर- शाहाबाद थाना क्षेत्र के गौहनिया मोड़ के समीप बाइक पर सवार होकर राजगिरी करने निकले युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। चालक फरार हो गया। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

थाना क्षेत्र के ही सहोरा गांव निवासी राजेश (30) पुत्र रामप्रकाश राजगिरी का काम करता था। जिसके चलते प्रतिदिन क्षेत्र के आसपास गांवों में भी मजदूरी करने जाता। इसी कड़ी रविवार की सुबह सिकंदरपुर गांव में मजदूरी करने निकला। जैसे ही उसकी बाइक गौहनिया मोड़ पर पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से ट्रैक्टर चालक का आपा खो गया और ट्रैैक्टर कुछ ही दूरी पर खाई में पलट गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। हादसे से मौके पर तमाम इलाकाई लोग पहुंच गए। मामले की सूचना इलाकाई पुलिस व मृतक के परिजनो को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनो के सुपुर्द कर दिया। हादसे से मृतक के परिवार में भीषण कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पुत्र अंकित, राजन बताए गए हैं। वह चार भाइयों में बड़ा था व उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।