हरदोई 23 दिसंबर- बिलग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत कन्नौज मार्ग पर सड़क हादसे में घायल महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के चलते दम तोड़ दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सांडी थाना क्षेत्र के कोइलाई गांव निवासी शिवप्यारी (55) रामनाथ शनिवार को बाइक पर अपने पुत्र आत्माराम के साथ गंगा स्नान बिलग्राम के राजघाट को निकली। दोनो बाइक से जैसे ही बिलग्राम कस्बे से राजघाट मार्ग पर ककरा तिराहे के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे बाइक सवार ने उन्हे टक्कर मार दी। जिससे दोनो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनो को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से शिवप्यारी की हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए जहां पर देर रात उसकी सांसे थम गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे से परिवारीजनो में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के परिवार में पुत्र आत्माराम, अवध बिहारी, विश्राम व संदीप बताए गए हैं। आत्माराम का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।