एम्बुलेंस और टाटा सफारी में हुई जोरदार भिड़ंत

पिहानी- कस्बे के पावरहाउस के नजदीक शनिवार शाम को एम्बुलेंस और टाटा सफारी में जबरदस्त टक्कर हो गयी। जिससे एम्बुलेंस चालक सुनील को सिर में चोटें आईं हैं।

जबकि सफारी चालक घटना के तुरंत बाद मौके से नौ दो ग्यारह हो गया। शनिवार शाम पेट्रोल पंप से डीजल डलवाकर सीएचसी पिहानी की ओर वापस आ रही एम्बुलेन्स और पिहानी से हरदोई की ओर जा रही टाटा सफारी में टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सफारी का एक पहिया निकल गया और इसके बावजूद भी सफारी करीब सौ मीटर तक फिसलती चली गयी। दोनों में टक्कर ड्राइवर साइड से ही हुई। घटना के बाद लोग मौके पर जमा हो पाते, इससे पहले ही सफारी ड्राइवर वहां से नजर बचाकर निकल गया। लोगों ने एम्बुलेंस ड्राइवर सुनील को घायल अवस्था में सीएचसी पहुंचाया, जहां पर उसका इलाज किया गया। फिलहाल ड्राइवर सुनील की हालत खतरे से बाहर है।