हरपालपुर- बीते शनिवार को एस डी एम सवायजपुर ने चौसार गाँव स्थित गन्ना खरीद केंद्र पर छापा मारकर केंद्र में मिली तमाम अनियमितताओं के आरोप में गन्ना मिल के जी.एम. समेत चार कर्मचारियों पर रिपोर्ट के लिए जिला गन्ना अधिकारी को पत्र लिखा था। इसके बाद भी अभी तक रिपोर्ट के लिए थाने तक तहरीर नहीं पहुंची है। बताया जाता है इस मामले में गन्ना विभाग से जुड़े लोग लीपापोती करने में जुटे हैं। अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव में चल रहे गन्ना खरीद केंद्र पर बीते शनिवार को उप जिलाधिकारी सवाजपुर ने जिला अधिकारी के निर्देश पर छापा मारा था। जिस पर किसानों ने एसडीएम को बताया कि यहां पर गन्ना घटतौली के साथ-साथ सौ रुपए प्रति ट्राली दलाली ली जाती है। जिस पर एसडीएम ने गन्ना विकास अधिकारी चिंतामणि, महाप्रबंधक गन्ना ललित सैनी, लिपिक राजेंद्र शाह चौकीदार विश्व वीर विक्रम पर गडबडी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिला गन्ना अधिकारी व गन्ना समिति के सचिव अखिलेश पताप सिंह को पत्र लिखकर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिये थे। मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक अरवल थाने तक तहरीर नहीं पहुंची है। बताया जाता है पूरे मामले में गन्ना विभाग से जुड़े लोग लीपापोती करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इस बड़ी कार्यवाही से खरीद केंद्रों पर हड़कंप मच गया है। लापरवाही का आलम यह है कि जहां एक ओर किसान का गन्ना दलाली और घटतौली के भेंट चढ़ रहा है, वहीं इससे जुड़े लोग किसानों की गाढ़ी कमाई पर मौज काट रहे हैं।