प्रधानमंत्री ने आज उत्तरप्रदेश में कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत बौद्ध दर्शन का केन्द्र है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन महात्मा बुद्ध को शृद्धांजलि है। धार्मिक नगरी कुशीनगर अब दुनिया से जुड़ गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत धार्मिक बौद्धस्थलों को विकसित करने और बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले सात साल में 54 नये हवाई अड्डे बनाए गए हैं।

अभिधम्म दिवस के अवसर पर कुशीनगर में महापरिनिर्वाण मंदिर में आयेाजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण से जुडी समस्याओं का सामना कर रहा है लेकिन अगर हम बुद्ध के दिखाए मार्ग पर चलेंगे तो सभी समाधान मिल जाएंगे। पूरे विश्व के बौद्ध समाज की श्रद्धा का, आस्था का, प्रेरणा का केन्द्र आज कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ये सुविधा एक प्रकार से उनकी श्रद्धा को अर्पित पुष्पांजलि है। भगवान बुद्ध के ज्ञान से लेकर महापरिनिर्वाण तक ये संपूर्ण यात्रा का साक्षी, ये क्षेत्र अब सीधे दुनिया से जुड़ गया है।
उत्तर प्रदेश में ये नौवां हवाई अड्डा है और आने वाले समय में 17 हवाई अड्डे उत्तर प्रदेश राज्य में अकेले हम लोग स्थापित करने जा रहे हैं और जो स्थिति उत्तर प्रदेश की है, वही स्थिति भारत की है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कनेक्टिविटी, विकास की एक नई उड़ान को अपने साथ लेकर आ रही है। उत्तर प्रदेश के भीतर एयर कनेक्टिविटी हरेक शहर के साथ जुड़ी है और ये एयर कनेक्टिविटी केवल वायु सेवा के साथ एक स्थान को दूसरे स्थान को जोड़ने का माध्यम नहीं बना है। विकास की ढेर सारी योजनाओं को भी अपने साथ लेकर के आ रही है, विकास की एक नई उड़ान के साथ आ रही है। कुशीनगर उत्तर प्रदेश का तीसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश 11 नये एयरपोर्ट पर कार्य कर रहा है।
श्रीलंका के खेलमंत्री नमल राजपक्षे ने कहा कि बौद्ध-दर्शन भारत की तरफ से श्रीलंका को सबसे बडा उपहार है। उन्होंने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से इस धार्मिक स्थल के लिए विमान संपर्क उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद दिया।
वर्ष 2017 तक प्रदेश में केवल चार हवाई अड्डों से नियमित उड़ानें थीं, लेकिन अब नौ शहर हवाई मार्ग से जुड़ चुके हैं। ये शहर हैं लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, प्रयागराज, कानपुर, बरेली, गाजियाबाद और कुशीनगर। ग्रेटर नोएडा के जेवर हवाई अड्डे के 2024 के मध्य तक तैयार होने की उम्मीद है। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हवाई अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। इन दोनों हवाई अड्डों के बनने के बाद प्रदेश में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों की संख्या पांच हो जाएगी। फिलहाल दस शहरों अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती, चित्रकूट, सोनभद्र, आगरा, सहारनपुर, नोएडा और अयोध्या में हवाई अड्डों का निर्माण चल रहा है।