एकदिवसीय अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट-श्रृंखला भारत के नाम!

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)

समीक्षक : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय


कानपुर के ‘ग्रीन पार्क’ में खेले गये संघर्ष और रोमांच से भरपूर तीसरे और अन्तिम एकदिवसीय अन्तरराष्ट्रीय मैच में आज भारत ने न्यू ज़ीलैण्ड को ६ रनों से पराजित कर, २-१ से श्रृंखला जीत ली है। भारत ने ५० ओवरों में ६ विकेटों पर ३३७ रन बनाये थे, जिसके उत्तर में न्यू ज़ीलैण्ड ५० ओवरों में ७ विकेटों पर ३३१ रन ही बना सका था। भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुम्राह को ‘प्लेयर ऑव़ द मैच’, सर्वाधिक १४७ रन बनानेवाले भारतीय बल्लेबाज़ रोहित शर्मा को ‘मैन ऑव़ द मैच’ तथा भारतीय कप्तान विराट कोहली को पूरी श्रृंखला में सर्वाधिक २६३ रन बनाने के लिए ‘मैन ऑव़ द सीरीज़’ घोषित किया गया।
न्यू ज़ीलैण्ड ने प्रभावकारी ढंग से निर्धारित लक्ष्य का पीछा करना शुरू कर दिया। ११ रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाना शुरू कर दिया। प्रमुख भारतीय गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार ने १० ओवरों में ९२ रन देकर मात्र १ विकेट लिया था। भुवनेश्वर की गेंदों की जमकर पिटाई की गयी थी। उनकी गेंदबाज़ी भारत की पराजय का कारण बन रही थी। ४५ वें ओवर तक यह मैच न्यू ज़ीलैण्ड के पक्ष में जाता दिख रहा था किन्तु अन्तिम तीन ओवरों में मैच का पलड़ा भारत की ओर झुकता दिखा। इस मैच में भुवनेश्वर कुमार अपने ‘तीन स्पेल’ में बहुत महँगे दिखे परन्तु चौथे स्पेल में एक विकेट लिये और नियन्त्रण में गेंदबाज़ी की। वहीं सर्वाधिक ३ विकेट लेनेवाले जसप्रीत बुम्राह ने शानदार गेंदबाज़ी कर भारत को जीत के क़रीब लाया।
प्रमुख तथ्य : एक दृष्टि में :—–
विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय दल ने एकदिवसीय अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सातवीं बार श्रृंखला जीती है।
विराट कोहली १९४ पारियों में सर्वाधिक तीव्र गति में ९,००० रन बनानेवाले विश्व के प्रथम खिलाड़ी बने।
विराट कोहली का यह बत्तीसवाँ शतक है।